स्पोर्ट्स डेस्क, श्रेयांश पाराशर l
चंडीगढ़। भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। कप्तान शुभमन गिल ने टॉस के बाद कहा कि टीम परिस्थितियों को देखते हुए पहले बल्लेबाजी कर बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहती है।
गिल ने बताया कि मैच के दौरान मौसम काफी गर्म और उमस भरा रहने की संभावना है। साथ ही उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, पिच की गति धीमी हो सकती है और उछाल में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में शुरुआती बल्लेबाजी टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।
भारतीय कप्तान ने अपने घरेलू मैदान पर खेलने को विशेष अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि यहां खेलते हुए वह बड़े हुए हैं और इसी मैदान पर टीम की कप्तानी करना उनके लिए गर्व की बात है। गिल ने टीम की तैयारियों पर संतोष जताते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अच्छी मेहनत की है और सभी मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि खिलाड़ियों को पिछले कुछ दिनों में पर्याप्त आराम और अच्छी नींद मिली है, जिससे टीम का मनोबल ऊंचा है। भारत के सामने आने वाले समय में कई महत्वपूर्ण टेस्ट मुकाबले हैं, इसलिए टीम प्रबंधन सही संयोजन तैयार करने पर भी ध्यान दे रहा है।
इस मैच को आगामी टेस्ट श्रृंखलाओं की तैयारी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारतीय टीम जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेगी, जबकि अफगानिस्तान की नजर मजबूत प्रदर्शन कर चुनौती पेश करने पर होगी। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।







