नेशनल डेस्क, रानी कुमारी।
नई दिल्ली। भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने किया। कार्यकर्ताओं ने केरल हाउस से जंतर-मंतर तक मार्च निकाला। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा छात्रों पर पैलेट गन, आंसू गैस और लाठीचार्ज किए जाने के आरोप लगाए।
उदय भानु चिब ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह को संसद में स्पष्ट करना होगा कि छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश किसके निर्देश पर दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि यह कार्रवाई गृह मंत्रालय के निर्देश पर हुई है तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। वहीं, यदि गृह मंत्री की जानकारी के बिना ऐसी कार्रवाई हुई है तो यह देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गृह मंत्री अमित शाह को तत्काल पद से हटाने, पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। संगठन ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि छात्रों के खिलाफ कार्रवाई के जिम्मेदार लोगों पर निष्पक्ष एवं कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदर्शन में संगठन के कई राष्ट्रीय पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। युवा कांग्रेस ने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए उनका आंदोलन जारी रहेगा।







