एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा।
मुंबई। बॉलीवुड फिल्म निर्देशक कुणाल कोहली ने दिवाली के दौरान मुंबई के एक अस्पताल के बाहर तेज आवाज वाले पटाखे फोड़ने को लेकर नाराजगी जताई है। दरअसल, वह अपनी मां को मेडिकल इमरजेंसी के चलते मुंबई के खार स्थित हिंदुजा अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर कुछ लोग तेज आवाज वाले पटाखे फोड़ रहे थे। इस घटना से परेशान होकर कुणाल ने लोगों से अस्पताल के बाहर तेज आवाज वाले पटाखे नहीं फोड़ने की अपील की।
कुणाल कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस घटना के बारे में बताते हुए कहा कि उन्होंने वहां मौजूद लोगों से विनम्रता से अनुरोध किया था कि वे अन्य पटाखे जला सकते हैं, लेकिन अस्पताल के बाहर तेज आवाज वाले पटाखे न फोड़ें। हालांकि, उनके अनुसार, एक व्यक्ति ने जवाब दिया कि अस्पताल गलत जगह पर बना है और वे पिछले 40 साल से वहां रह रहे हैं। कुणाल ने बताया कि उनके अनुरोध के बावजूद पटाखे फोड़ना जारी रहा। इसके बाद उन्होंने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) को टैग करते हुए इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
इस घटना ने अस्पतालों के आसपास ध्वनि प्रदूषण और मरीजों की परेशानी को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू कर दी है। अस्पतालों में भर्ती मरीजों, बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार लोगों के लिए तेज आवाज परेशानी का कारण बन सकती है। त्योहारों के दौरान खुशियां मनाने के साथ-साथ अस्पतालों जैसे संवेदनशील स्थानों की शांति और मरीजों की सुविधा का ध्यान रखना भी जरूरी है।







