लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती।
सीवान। मानदेय बढ़ाने समेत चार सूत्री मांगों को लेकर बिहार प्रदेश आंगनबाड़ी संघ के आह्वान पर मंगलवार को दारौंदा बाल विकास परियोजना कार्यालय परिसर में आंगनबाड़ी सेविकाओं ने धरना दिया। इस दौरान सेविकाओं ने सरकार के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
धरना पर बैठी सेविकाओं ने कहा कि वे वर्षों से विभागीय कार्यों के साथ-साथ सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त मानदेय और आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। वर्तमान में सेविकाओं को करीब नौ हजार रुपये मानदेय दिया जा रहा है।
संघ की प्रमुख मांगों में सेविकाओं को वेतन अथवा न्यूनतम मजदूरी के बराबर मानदेय देने, संशोधित मानदेय का भुगतान करने, प्रत्येक माह मोबाइल रिचार्ज की राशि उपलब्ध कराने तथा सेवानिवृत्ति के बाद उचित लाभ देने की मांग शामिल है।
धरना में कुमारी ज्योति, पूजा कुमारी, प्रमिला कुमारी, रीना देवी, मंजू कुमारी, सीमा कुमारी, मालती कुमारी, सुगंधी देवी, सविता देवी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं शामिल रहीं। सेविकाओं ने धरना के माध्यम से सरकार से अपनी चार सूत्री मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।







