आवास प्लस-2024 की प्रतीक्षा सूची के अनुमोदन को 17 पंचायतों में होगी ग्राम सभा : बीडीओ
लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा । प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास प्लस-2024 के तहत दारौंदा प्रखंड की 17 पंचायतों में प्रारूप प्रतीक्षा सूची के अनुमोदन के लिए ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। विभिन्न पंचायतों में 25, 26 एवं 27 सितंबर को ग्राम सभा होगी। बीडीओ ने पंचायत सचिवों एवं ग्रामीण आवास सहायकों को ग्राम सभा की तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है।
जिला स्तर से अनुमोदन के बाद अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य एवं अल्पसंख्यक श्रेणी की सिस्टम जनरेटेड प्रतीक्षा सूची तैयार की गई है। ग्राम सभा में सूची में शामिल परिवारों की पात्रता की जांच की जाएगी। पक्की छत या दीवार वाले मकान, दो या अधिक कमरों के मकान, मोटरयुक्त तिपहिया या चौपहिया वाहन, मशीनी कृषि उपकरण तथा 50 हजार रुपये या अधिक ऋण सीमा वाला किसान क्रेडिट कार्ड रखने वाले परिवारों की अपात्रता की जांच होगी। इसके अलावा सरकारी कर्मचारी वाले परिवार, 15 हजार रुपये से अधिक मासिक आय वाले, आयकर या व्यवसाय करदाता तथा निर्धारित सीमा से अधिक भूमि रखने वाले परिवारों की भी जांच की जाएगी।
ग्राम सभा से अनुमोदन के बाद अंतिम सूची पर मुखिया, पंचायत सचिव एवं ग्रामीण आवास सहायक के हस्ताक्षर और मुहर लगाई जाएगी।







