लोकल डेस्क, राजीव कुमार भारती।
सिवान। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा शनिवार को सरकारी विद्यालयों में पुनः हाफ डे व्यवस्था लागू करने के संबंध में दिए गए आश्वासन के बाद शिक्षकों में नई उम्मीद जगी है। बिहार विद्यालय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आनंद ने मुख्यमंत्री के इस सकारात्मक और संवेदनशील दृष्टिकोण का स्वागत करते हुए इसे शिक्षकों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
डॉ. आनंद ने कहा कि दिसंबर 2023 से पहले शनिवार को सरकारी विद्यालयों में दशकों से हाफ डे की व्यवस्था लागू थी, जिसे अचानक पूर्ण कार्यदिवस (फुल डे) में बदल दिया गया। इस बदलाव के कारण दूर-दराज के क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों को घर लौटने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही वे अपने सामाजिक और पारिवारिक दायित्वों का भी समुचित निर्वहन नहीं कर पाते हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी करेगी। उनका कहना है कि शनिवार को हाफ डे की व्यवस्था बहाल होने से राज्य के लगभग 5.75 लाख (पौने छह लाख) शिक्षकों को मानसिक राहत मिलेगी। साथ ही विद्यालयों में बच्चों के लिए रचनात्मक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने का भी अवसर मिलेगा।







