नेशनल डेस्क, शिवेश कुमार शौर्य।
भारत का इंग्लैंड दौरा बेहद निराशाजनक रहा। पांच मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में भी टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। साउथम्प्टन के द रोज बाउल मैदान पर खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 56 रनों से हराकर सीरीज 4-0 से अपने नाम कर ली। इसके साथ ही भारतीय टीम आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी नंबर-1 का स्थान गंवा बैठी, जबकि इंग्लैंड शीर्ष पर पहुंच गया।
सीरीज का पहला मुकाबला चेस्टर-ले-स्ट्रीट में बारिश के कारण बेनतीजा रहा था। इसके बाद इंग्लैंड ने लगातार चार मैच जीतकर भारत का पूरी तरह सफाया कर दिया। मैनचेस्टर में चार विकेट, नॉटिंघम में 125 रन, ब्रिस्टल में नौ विकेट और अब साउथम्प्टन में 56 रनों से जीत दर्ज करते हुए मेजबान टीम ने सीरीज पर 4-0 से कब्जा जमा लिया। यह पहला मौका है, जब भारतीय टीम किसी टी20 सीरीज में चार मुकाबले हारी है।
258 रन का लक्ष्य भी नहीं कर सकी पार
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने भारत के सामने 258 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा। जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 201 रन ही बना सकी।
रनचेज में भारत की शुरुआत खराब रही। अभिषेक शर्मा सिर्फ तीन रन बनाकर जोफ्रा आर्चर का शिकार बने। इसके बाद संजू सैमसन ने 27 रन बनाए, लेकिन सैम करन ने अपनी पहली ही गेंद पर उन्हें पवेलियन भेज दिया। उस समय भारत का स्कोर 55 रन पर दो विकेट था।
कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने तीसरे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी कर पारी संभालने की कोशिश की। श्रेयस 28 रन बनाकर लियाम डॉसन का शिकार बने। ईशान किशन ने 35 गेंदों पर 56 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल रहे। हालांकि उनके आउट होने के बाद भारतीय टीम की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा।
तिलक वर्मा ने 25 गेंदों में 53 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया। उनकी पारी में तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे। वहीं शिवम दुबे (14), सूर्यांश शेडगे (7) और अक्षर पटेल (3) बल्ले से प्रभाव नहीं छोड़ सके। इंग्लैंड की ओर से सैम करन ने तीन विकेट लिए, जबकि आदिल राशिद ने दो बल्लेबाजों को आउट किया।
बटलर और ब्रूक ने भारतीय गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां
इंग्लैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और दूसरे ओवर में फिल साल्ट छह रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने। इसके बाद जोस बटलर और कप्तान हैरी ब्रूक ने भारतीय गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला।
दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 102 गेंदों में 233 रनों की विस्फोटक साझेदारी की। इस दौरान बटलर ने सिर्फ 51 गेंदों में शतक पूरा किया। उन्होंने 64 गेंदों पर 131 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और आठ छक्के शामिल रहे। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा शतक रहा। बटलर को 19वें ओवर में शिवम दुबे ने आउट किया। इसी ओवर की अगली गेंद पर दुबे ने जैकब बेथेल को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। दूसरी ओर, हैरी ब्रूक शतक से चूक गए और 95 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी पारी में चार चौके और आठ छक्के शामिल रहे।
जोस बटलर को उनकी विस्फोटक शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले हैरी ब्रूक को प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला।







