एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा
कोर्टरूम थ्रिलर फिल्म 'इक्का' के ओटीटी प्रीमियर के बाद अभिनेत्री आकांक्षा रंजन कपूर ने सोशल मीडिया पर फिल्म के सेट से जुड़ी बिहाइंड द सीन्स तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में उन्होंने फिल्म की शूटिंग के दौरान की तैयारियों, मेकअप, कॉस्ट्यूम ट्रायल और अपने किरदार से जुड़ी कई खास झलकियां प्रशंसकों के साथ साझा की।
आकांक्षा द्वारा इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए फोटो कैरोसेल में प्रोस्थेटिक मेकअप, क्लैपरबोर्ड शॉट्स, अस्पताल वाले लुक की तस्वीरें और सह-कलाकार अक्षय खन्ना के साथ कुछ पर्दे के पीछे के पल भी शामिल हैं। पोस्ट के जरिए उन्होंने फिल्म निर्माण की प्रक्रिया और अपने किरदार की तैयारी की झलक दिखाई।
फिल्म 'इक्का' में आकांक्षा रंजन सोमा मेहतानी की भूमिका निभा रही हैं, जो कहानी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। कोर्टरूम थ्रिलर पर आधारित इस फिल्म में उनका किरदार कई अहम घटनाओं और भावनात्मक संघर्षों से जुड़ा हुआ है।
'इक्का' का निर्देशन सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने किया है। फिल्म में सनी देओल, अक्षय खन्ना, दिया मिर्जा, तिलोत्तमा शोम, संजीदा शेख और अन्य कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 10 जुलाई 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।
यह आकांक्षा रंजन का इस वर्ष ओटीटी पर दूसरा प्रमुख प्रोजेक्ट है। इससे पहले वह 'ग्राम चिकित्सालय' सीजन 2 में भी नजर आई थीं। उनके बीटीएस पोस्ट को सोशल मीडिया पर प्रशंसकों का सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, जहां लोग फिल्म निर्माण के पर्दे के पीछे की झलकियों की सराहना कर रहे हैं।







