नेशनल डेस्क, श्रेया पाण्डेय
भोपाल: भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक आज से रामराजा सरकार की पावन नगरी ओरछा, जिला निवाड़ी में शुरू हो गई है। 30 और 31 अगस्त को आयोजित हो रही इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के साथ प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, संभाग प्रभारी और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि करीब 350 से 400 नेता इस बैठक में जुटेंगे, जिसमें प्रदेश कार्यसमिति के 106 नियमित और 41 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल हैं।
गौरतलब है कि यह बैठक प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल की अध्यक्षता में हो रही उनकी पहली प्रदेश कार्यसमिति बैठक है, इसलिए संगठनात्मक दृष्टि से इसे बेहद अहम माना जा रहा है। यह बैठक पहले प्रस्तावित तिथि पर होनी थी, लेकिन दतिया उपचुनाव के चलते इसे आगे बढ़ाना पड़ा था। अब यह बैठक 30 अगस्त सुबह से शुरू होकर 31 अगस्त दोपहर तक चलेगी।
ओरछा के प्रतिष्ठित होटल राजमहल पैलेस और राजविलास में आयोजित हो रही इस बैठक में संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय और प्रभावी बनाने के साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना पर व्यापक मंथन किया जाएगा। बैठक के एजेंडे में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, प्रशिक्षण, आगामी कार्यक्रम, राजनीतिक रणनीति, सामाजिक समरसता और विकसित भारत के संकल्प जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी अपनी रणनीति भी तैयार करेगी, वहीं दतिया उपचुनाव में मिली हार पर भी समीक्षा हो सकती है। इसके साथ ही युवा मतदाताओं, खासकर Gen-Z और Gen-Alpha पीढ़ी को पार्टी से जोड़ने के लिए इंस्टाग्राम रील्स, यूट्यूब शॉर्ट्स जैसे डिजिटल माध्यमों के उपयोग पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। वंदे मातरम प्रस्ताव के अनुमोदन और सेवा संकल्प अभियान की कार्ययोजना पर भी चर्चा हो सकती है।
बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, दोनों उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय कार्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ सहित अन्य वरिष्ठ नेता मार्गदर्शन देंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्य, राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद गजेंद्र पटेल, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार, दुर्गादास उईके, सावित्री ठाकुर, राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संयोजक एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा, राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद कविता पाटीदार, राष्ट्रीय मीडिया सहसंयोजक आशीष उषा अग्रवाल सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी और कार्यसमिति सदस्य भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
इस तरह ओरछा में हो रहा यह दो दिवसीय संगठनात्मक मंथन आगामी वर्षों की राजनीतिक दिशा तय करने के लिहाज से भाजपा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







