नेशनल डेस्क, आर्या कुमारी।
नई दिल्ली। अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं का जवाब दिया है। इस बार उन्होंने अपने फिल्मी किरदारों को लेकर ट्रोल किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि फिल्मों में निभाए गए किरदारों और वास्तविक जीवन के व्यवहार के बीच अंतर समझना जरूरी है। उन्होंने लोगों से युवाओं को गलत संदेश देने से बचने की अपील भी की।
शुक्रवार को कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर संसद से जुड़ा एक वीडियो साझा किया। इसके साथ उन्होंने लंबा नोट लिखकर उन लोगों पर निशाना साधा जो उनके फिल्मी किरदारों या पुराने वीडियो क्लिप्स का इस्तेमाल कर उनकी आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिल्मों में निभाए गए किरदार अभिनय का हिस्सा होते हैं और उन्हें वास्तविक जीवन के व्यवहार से जोड़कर देखना सही नहीं है।
अपने नोट में कंगना ने कहा कि जिन किरदारों को वह फिल्मों में निभाती हैं, उनके लिए उन्हें मेहनताना मिलता है और वे पूरी तरह पेशेवर जिम्मेदारियों का हिस्सा होते हैं। इसी तरह बड़े मनोरंजन कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी भी तय सुरक्षा व्यवस्था और पेशेवर माहौल के बीच होती है। उनका कहना था कि इन परिस्थितियों की तुलना आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से नहीं की जा सकती।
कंगना ने आगे कहा कि कुछ लोग उनकी फिल्मी क्लिप्स का इस्तेमाल कर किशोरों और युवाओं को यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि वे भी सार्वजनिक स्थानों, स्कूल कार्यक्रमों या अन्य जगहों पर वैसा ही व्यवहार कर सकते हैं। उन्होंने इसे गलत बताते हुए कहा कि युवाओं को भ्रमित करने के बजाय उन्हें सही दिशा दिखाने की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आज दूसरों के बच्चों को गुमराह करने वाले लोग भविष्य में अपने बच्चों पर भी इसका असर देख सकते हैं।
दरअसल, कुछ दिन पहले कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए आधुनिक युवा महिलाओं को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कुछ युवाओं की जीवनशैली पर सवाल उठाते हुए कहा था कि वे नशे, शराब और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को खुलकर प्रदर्शित करती हैं तथा अपने माता-पिता की कमाई पर निर्भर रहते हुए उसे गर्व की बात मानती हैं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं।
कंगना के इस बयान के बाद बड़ी संख्या में सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी आलोचना की और उनके पुराने इंटरव्यू, सार्वजनिक बयान तथा फिल्मों में निभाए गए किरदारों का हवाला देते हुए उन्हें निशाने पर लिया। अब फिल्मी भूमिकाओं को लेकर ट्रोलिंग का जवाब देकर कंगना ने साफ किया है कि पर्दे पर निभाए गए किरदारों और निजी जीवन के विचारों को एक जैसा मानना उचित नहीं है। उन्होंने लोगों से युवाओं के सामने जिम्मेदार उदाहरण पेश करने और तथ्यों को सही संदर्भ में देखने की अपील की।







