विदेश डेस्क, आर्या कुमारी।
कराची। पाकिस्तान के दक्षिण सिंध प्रांत के कराची शहर में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर रविवार को प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई हिंसक झड़प में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी दूतावास परिसर की ओर बढ़े और अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश के बाद सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की, जिससे झड़प अचानक हिंसक हो गई।
बचाव दल के अधिकारियों ने बताया कि झड़प के दौरान कई लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
घटना के बाद प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है ताकि झड़प के कारणों का पता लगाया जा सके।







