नेशनल डेस्क, नीतीश कुमार।
नई दिल्ली। कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा के अपने सभी सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सांसदों को 10, 11 और 12 अगस्त को संसद की कार्यवाही के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।
महत्वपूर्ण चर्चा और विधायी कार्य का हवाला
कांग्रेस ने शुक्रवार को जारी व्हिप में कहा कि इन तीन दिनों के दौरान सदन में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और अन्य विधायी कार्य होंगे। सभी सांसदों को सुबह 11 बजे से सदन की कार्यवाही स्थगित होने तक मौजूद रहने और पार्टी के रुख के अनुरूप मतदान करने और उसका समर्थन करने को कहा गया है।
लोकसभा-राज्यसभा के मुख्य सचेतकों ने जारी किया व्हिप
लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक कोडिकुन्निल सुरेश और राज्यसभा में मुख्य सचेतक जयराम रमेश ने यह व्हिप जारी किया है। कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों से भी अनुरोध किया है कि वे 10, 11 और 12 अगस्त को अपने सांसदों की सदन में उपस्थिति सुनिश्चित करें।







