नेशनल डेस्क, मुस्कान कुमारी।
गोरखपुर जा रही ट्रेन के करीब 300 यात्री प्रभावित, कोई हताहत नहीं; यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर पहुंचाया गया, हादसे की जांच के आदेश
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से रवाना होने के कुछ देर बाद गोरखपुर जा रही चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार एसी कोच पटरी से उतर गए। हादसा बुधवार शाम करीब 5:07 बजे हुआ। प्रभावित कोचों में लगभग 300 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्लेटफॉर्म से निकलते ही पटरी से उतरे चार कोच
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन संख्या 15003 बुधवार शाम करीब 5:03 बजे कानपुर के प्लेटफॉर्म नंबर 7 से रवाना हुई थी। ट्रेन जैसे ही स्टेशन से आगे बढ़ी, उसके बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 कोच पटरी से उतर गए।
घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अचानक झटका लगने और कोचों के एक तरफ झुकने से लोग घबरा गए। कई यात्री अपना सामान लेकर कोचों से बाहर निकलने लगे।
करीब 300 यात्री थे सवार
रेलवे और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चारों प्रभावित कोचों में करीब 300 यात्री सफर कर रहे थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंचाया गया।
यात्रियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। गोरखपुर की ओर आगे की यात्रा जारी रखने के लिए विशेष ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, विशेष ट्रेन तैयार करने में चार से पांच घंटे लग सकते हैं।
जो यात्री आगे यात्रा नहीं करना चाहते, उन्हें टिकट का पूरा पैसा वापस करने की बात भी कही गई है।
यात्रियों ने सुनाई हादसे की आपबीती
ट्रेन में परिवार के साथ छठ पूजा के लिए जा रहे एक यात्री ने बताया कि अचानक लगे झटके से उनका बच्चा फर्श पर गिर गया। शुरुआत में यात्रियों को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। बाद में पता चला कि ट्रेन के चार कोच पटरी से उतर गए हैं।
देवरिया जा रहे एक अन्य यात्री संजीव त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन चलने के कुछ ही देर बाद तेज आवाज सुनाई दी। इसके बाद उनका कोच एक तरफ झुकने लगा और उसमें तेज खड़खड़ाहट होने लगी। स्थिति को देखते हुए यात्री अपना सामान लेकर बाहर निकल गए।
रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचीं
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और इंजीनियरिंग टीमें मौके पर पहुंच गईं। प्रयागराज से भी वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों को कानपुर भेजा गया, ताकि राहत और बहाली का काम तेजी से पूरा किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी यात्री को चोट नहीं आई है। वहीं, रेलवे सुरक्षा टीम हादसे के कारणों की जांच करेगी। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवम शर्मा के मुताबिक, फिलहाल दुर्घटना की वजह स्पष्ट नहीं है।
जांच के लिए बनेगी समिति
रेलवे ने घटना की जांच के लिए औपचारिक जांच समिति गठित करने की बात कही है। समिति हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कोचों के पटरी से उतरने की वजह तकनीकी खराबी थी या ट्रैक से जुड़ी कोई समस्या।
अधिकारियों के अनुसार, इस घटना से कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर दूसरी ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ। वहीं, प्रभावित यात्रियों को सुरक्षित आगे भेजने और रेलवे ट्रैक को सामान्य करने का काम जारी है।
बुधवार को दूसरी ट्रेन दुर्घटना भी हुई
11 नवंबर को ही असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पांच कोच और इंजन भी डिगारू के पास पटरी से उतर गए थे। उस हादसे में चार लोग घायल हुए थे। एक ही दिन में दो ट्रेन दुर्घटनाओं की खबरों ने रेलवे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।







