कुरनूल में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो-लॉरी की टक्कर में 8 तीर्थयात्रियों की मौत, कई घायल
स्टेट डेस्क, नीतीश कुमार
कुरनूल। आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में गुरुवार को बोलेरो और लॉरी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 8 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि 10 से 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसा मंत्रालयम मंडल के चिलकलडोना गांव के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बोलेरो में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
घायलों को उपचार के लिए एमिगनूर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर इलाज में जुटे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग कर्नाटक के चिकमगलूर जिले के निवासी थे और तीर्थयात्रा पर निकले थे। इसी दौरान उनकी बोलेरो की सामने से आ रही लॉरी से टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।







