स्टेट डेस्क , रानी कुमारी
बिहार की राजधानी पटना में हुए चर्चित सीएमएस कंपनी कैश वैन लूटकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। गोपालपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में शामिल चार अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें एक अपराधी घायल हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि 13 मई 2026 को गोपालपुर थाना क्षेत्र में सीएमएस कंपनी की कैश वैन से हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक पटना के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज की जांच तथा मानव अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान की। इसके बाद लगातार कई स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया। देर रात पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर एक अन्य अपराधी की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस बल पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक अपराधी घायल हो गया। घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार, कारतूस तथा लूट से जुड़े कई अहम साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे।







