नेशनल डेस्क, रानी कुमारी ।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के भाषण में इस्तेमाल किए गए ‘दिमागी नक्सल’ शब्द के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ‘दिमागी नक्सल पार्टी’ नाम से एक नया पेज सामने आया है, जिसने बेहद कम समय में बड़ी संख्या में फॉलोअर्स जुटाकर सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है।
यह पेज प्रधानमंत्री के 15 अगस्त के संबोधन के बाद बनाया गया। पीएम मोदी ने लाल किले से अपने भाषण में नक्सलवाद के मुद्दे पर बात करते हुए ‘दिमागी नक्सलियों’ को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि देश को ऐसे लोगों को पहचानने और उन्हें अलग करने की जरूरत है, जो वैचारिक स्तर पर नक्सली विचारधारा का समर्थन करते हैं। पीएम के इस बयान के बाद राजनीतिक और सोशल मीडिया दोनों स्तरों पर बहस तेज हो गई।
इसी माहौल के बीच ‘दिमागी नक्सल पार्टी’ नाम से सामने आए इंस्टाग्राम पेज की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी।पेज ने शुरुआत के करीब 24 घंटे में ही एक लाख से अधिक फॉलोअर्स जुटा लिए थे। इसके बाद भी फॉलोअर्स की संख्या लगातार बढ़ती रही और दो ही दिनों में यह आंकड़ा 1.8 लाख से अधिक पहुंच गया हैं । हालांकि, इस पेज के पीछे कौन लोग हैं और किस संगठन या राजनीतिक समूह से है, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
प्रधानमंत्री के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान पर विपक्षी नेताओं और सोशल मीडिया यूजर्स की ओर से भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोगों ने इसे सरकार की नीतियों की आलोचना करने वालों को निशाना बनाने वाला शब्द बताया, जबकि सरकार समर्थक पक्ष ने इसे नक्सली विचारधारा के वैचारिक समर्थन के संदर्भ में बताया है।







