स्टेट डेस्क , रानी कुमारी।
खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में निजी स्कूल की 29 वर्षीय शिक्षिका नीलोफर की मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। पुलिस ने उनके पति नईम खान फतेह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
क्या हैं पूरा मामला?
नीलोफर की मौत 15 अगस्त को हुई थी। ससुराल पक्ष का दावा था कि उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें खरगोन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें इंदौर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराए बिना ही उन्हें दफना दिया गया था।
मायके पक्ष को मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। परिजनों का आरोप था कि उन्हें घटना की पूरी जानकारी नहीं दी गई, जल्दबाजी में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए और रिश्तेदारों के पहुंचने से पहले ही शव दफना दिया गया। मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट, प्रताड़ना और सिगरेट से शरीर के कई हिस्सों (जांघ, छाती, पीठ, पेट और निजी अंगों सहित) को दागने के गंभीर आरोप लगाए।
मायके पक्ष ने दर्ज़ कि शिकायत
मायके पक्ष की शिकायत दर्ज़ करने पर एसडीएम के आदेश से 16 अगस्त को मोतीपुरा स्थित मुस्लिम कब्रिस्तान से शव को कब्र से निकालवाया गया। तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर शव को जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि नीलोफर के साथ गंभीर मारपीट की गई थी। चोटों के कारण उनकी स्प्लीन (तिल्ली) फट गई थी, जिसे मौत का मुख्य कारण बताया गया। पेट में जहरीला पदार्थ भी मिला, जिससे कई अंगों को नुकसान पहुंचाया गया है और शरीर पर सिगरेट से जलाने के निशान भी पाए गए।
बेटी के ब्यान पर हुई पिता कि गिरफ्तारी
जांच के दौरान नीलोफर की आठ वर्षीय बेटी का बयान पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ। बच्ची ने बताया कि मौत से करीब चार दिन पहले से उनके पिता मां के साथ गंभीर मारपीट कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, नईम खान को पत्नी पर शक था। नीलोफर की किसी एक व्यक्ति से मोबाइल पर बातचीत होती थी। इसी शक को लेकर विवाद और मारपीट की बात सामने आई। नीलोफर का मोबाइल फोन और घर में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी गायब मिला है।
खरगोन कोतवाली थाना प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर नईम खान फतेह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज हो गई है। पुलिस आगे कि जांच कर रही हैं।







