स्टेट डेस्क - वेरॉनिका राय
पटना | राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान पर हुए हमले की जांच तेज कर दी गई है। घटना के बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम बुधवार को मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी है।
नगर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) राजेश रंजन ने बताया कि 2 जून की रात करीब 10:10 बजे कदमकुआं थाना को सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व संस्थान परिसर में ईंट-पत्थर फेंक रहे हैं, तोड़फोड़ कर रहे हैं तथा फायरिंग की घटना को अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना में किसी छात्र या अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि संस्थान के एक सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल गार्ड को उपचार के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और उनकी निशानदेही पर अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जांच एजेंसियां घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर हमले के कारणों तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







