लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान : दारौंदा प्रखंड के सिरसांव मठिया गांव में शुक्रवार देर रात्रि को मुंशी साह के घर में विषैला एवं विशाल सांप निकल आने से परिवार के लोगों में दहशत फैल गई। सांप को देखते ही घर के सदस्य घबराकर बाहर निकल आए और आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी।
देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने काफी सावधानी बरतते हुए सांप पर नजर बनाए रखी और उसे घर के अंदर से बाहर निकालने का प्रयास किया। सांप के विशाल आकार को देखकर ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों के अनुसार बरसात के मौसम में अक्सर सांप सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों में प्रवेश कर जाते हैं। घटना के दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। ग्रामीणों ने लोगों से सतर्क रहने तथा घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है।
सांप निकलने की खबर पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी रही और बड़ी संख्या में लोग उसे देखने के लिए मौके पर पहुंचते रहे। समय रहते सतर्कता बरतने से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।







