लोकल डेस्क, एन के सिंह।
चंपारण चेंबर ऑफ कॉमर्स का 28वाँ वार्षिक महाधिवेशन, सुरक्षा और विकास के संकल्प के साथ नई टीम का हुआ भव्य पदस्थापन। चंपारण डीआईजी ने कहा, पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
पूर्वी चंपारण: जिले के रीढ़ माने जाने वाले व्यवसायियों के प्रमुख संगठन 'चेंबर ऑफ कॉमर्स' का 28वाँ वार्षिक पदस्थापन सह सम्मान समारोह नगर के रामसन प्लाजा में अत्यंत गरिमामय और भव्य तरीके से संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक समारोह के मुख्य उद्घाटनकर्ता के रूप में चंपारण परिक्षेत्र (बेतिया) के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) हरकिशोर राय उपस्थित रहे। समारोह में मुख्य वक्ता के तौर पर लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम भीमसरिया, विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी सौरव जोरवाल तथा जिला प्रशिक्षु पुलिस अधीक्षक श्री हेमंत कुमार सिंह ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया, जिसके बाद मंचासीन अतिथियों को बुके एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए डीआईजी हरकिशोर राय ने अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस अपराध और अपराधियों के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और अपराधियों को चुन-चुन कर निकाला जा रहा है। उन्होंने व्यवसायियों से अपील की कि वे निर्भीक होकर अपने संगठनों को मजबूत करें और पुलिस का सहयोग करें। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि समाज के हर असामाजिक तत्व पर पैनी नजर रखी जा रही है और अपराध से अर्जित संपत्ति को जप्त करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और पुलिस-व्यवसायी संवाद पर विशेष जोर दिया।
समारोह में जिलाधिकारी सौरव जोरवाल ने चेंबर के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक विभाग को सम्मानित करने की यह परंपरा अभूतपूर्व है, क्योंकि सरकारी अधिकारियों को अक्सर कम ही सम्मान मिलता है। उन्होंने व्यवसायियों को जिले का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि बेहतर यातायात, ट्रैफिक व्यवस्था और पुलिस प्रशासन के माध्यम से जनता की सेवा हमारा प्राथमिक कर्तव्य है। जिलाधिकारी ने घोषणा की कि चेंबर की बातों को मुख्यालय तक पहुँचाया जाएगा और सरकारी निर्देशानुसार अब प्रत्येक सोमवार व शुक्रवार को आम जनता किसी भी अधिकारी से मिल सकेगी। इसी क्रम में मुख्य वक्ता श्याम भीमसरिया ने चेंबर को शासन और प्रशासन के बीच की एक मजबूत कड़ी बताया। उन्होंने युवाओं की श्रम शक्ति पर बल देते हुए कहा कि बिहार को आगे बढ़ाने में सरकार के साथ हमारी भी समान भूमिका है। उन्होंने बियाडा की इकाइयों और व्यावसायिक ऋण से दबे उद्यमियों की समस्याओं पर चिंता जताई तथा जिलाधिकारी से आग्रह किया कि 'चनपटिया टेक्सटाइल मॉडल' की तर्ज पर मोतिहारी में भी उद्योगों का विकास किया जाए।
संगठनात्मक बदलाव के तहत, नव पदस्थापित अध्यक्ष श्री महेश सिन्हा ने सभी का अभिनंदन करते हुए संकल्प लिया कि सत्र 2026 में वे सभी व्यवसायियों की बुलंद आवाज बनकर कार्य करेंगे। महासचिव के रूप में आलोक कुमार को लगातार दूसरी बार जिम्मेदारी सौंपी गई, जिन्हें वर्ष भर की सक्रियता के लिए 'उत्कृष्ट कार्यकारिणी सदस्य' के रूप में सम्मानित भी किया गया। सत्र 2026 की नई समिति में उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता व सुरेश चंद्र, सह सचिव विनय देवकुलियार, कोषाध्यक्ष अनिल बोहरा सहित कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में अरविंद सर्राफ, सुनील कुमार श्रीवास्तव, चंदू मिश्रा, सुधांशु रंजन, डॉ. कमलेश कुमार, हेमंत कुमार, मेहुल लाल और अनिल अग्रवाल का परिचय कराया गया। समारोह में तीन विशेष वार्षिक सम्मान भी दिए गए, 'उत्कृष्ट नागरिक' का सम्मान उद्योगपति राजेंद्र गुप्ता को, 'उत्कृष्ट पुलिस पदाधिकारी' का सम्मान टाउन थाना प्रभारी राजीव रंजन कुमार को और 'उत्कृष्ट सरकारी पदाधिकारी' का सम्मान पूर्व नगर निगम आयुक्त सौरभ सुमन यादव को प्रदान किया गया।
समारोह के दौरान उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद ने शहर को कचरा, जाम और जलजमाव से मुक्त करने की अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम का शानदार संचालन पूर्व अध्यक्ष मनीष कुमार और संस्थापक अध्यक्ष बीरेंद्र जालान ने किया। सत्र 2026 के लिए 13 नए सदस्यों को सर्टिफिकेट और लेपल पिन देकर संगठन में शामिल किया गया। अंत में पूर्व अध्यक्ष सुधीर अग्रवाल के धन्यवाद ज्ञापन और अध्यक्ष महेश सिन्हा द्वारा राष्ट्रगान के साथ सभा के समापन की घोषणा की गई। इस महाकुंभ में रेड क्रॉस सोसाइटी, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, मारवाड़ी युवा मंच सहित घोड़ासहन, चकिया, अरेराज, सुगौली, रामगढ़वा और केसरिया चेंबर ऑफ कॉमर्स जैसे दर्जनों संगठनों के पदाधिकारी और भारी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







