नेशनल डेस्क, श्वेता प्रिया
चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बैरागढ़-तीसा मार्ग पर चल रही एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7:15 बजे चलुंज मोड़ के पास हुआ। निजी बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर नीचे की सड़क पर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हादसे में जान गंवाने वालों में बस के चालक और परिचालक के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना की सटीक वजह की जांच अभी जारी है। हादसे की खबर के बाद इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा गया है।







