चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का कहर: आंध्र प्रदेश में 7 लोगों की मौत, ओडिशा में भारी बारिश
नेशनल डेस्क, श्वेता प्रिया
बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद भारी तबाही मचा चुका है। 29 अक्टूबर की रिपोर्टों के अनुसार, आंध्र प्रदेश में तूफान से जुड़ी घटनाओं में 7 लोगों की मौत हुई है। तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, मकानों को नुकसान पहुंचा और बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
125–135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, तूफान ने 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और यानम के तट पर दस्तक दी। इस दौरान हवा की रफ्तार 125–135 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी, जबकि झोंकों की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। इसके बाद तूफान धीरे-धीरे कमजोर हुआ।
ओडिशा में भी भारी बारिश का असर
तूफान के प्रभाव से ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश हुई। राज्य में पहले से ही राहत और बचाव की तैयारियां की गई थीं। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में तूफान आने से पहले 1.80 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था l
बिजली और यातायात व्यवस्था प्रभावित
तूफान के कारण बिजली के खंभों और सड़कों को नुकसान पहुंचा। कई जगहों पर पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बहाली के काम में जुटी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान कमजोर पड़ने के बाद भी कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का खतरा बना रह सकता है।







