स्टेट डेस्क, श्वेता प्रिया।
चिराग पासवान ने CM सम्राट चौधरी को लिखा पत्र, सहायक प्राध्यापक भर्ती नियमों पर पुनर्विचार की मांग
पटना। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर सहायक प्राध्यापक नियुक्ति नियमावली-2026 के कई प्रावधानों पर पुनर्विचार करने की मांग की है। चिराग ने कहा कि इन नियमों का सीधा असर बिहार के विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, अभ्यर्थियों, अतिथि शिक्षकों और विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ेगा।
चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री से नियमावली को अंतिम रूप देने से पहले छात्रों, अभ्यर्थियों, अतिथि शिक्षकों, विश्वविद्यालयों और विषय विशेषज्ञों से व्यापक विचार-विमर्श करने की अपील की है।
उन्होंने सहायक प्राध्यापक भर्ती में UGC Regulation 2018 के Table 3A को लागू करने, अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु सीमा 55 वर्ष करने और भर्ती प्रक्रिया को स्थायी एवं नियमित बनाने की मांग रखी है। इसके साथ ही उन्होंने भर्ती में डोमिसाइल नीति लागू करने और बिहार के विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों की स्वायत्तता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
चिराग ने लंबे समय से विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में काम कर रहे योग्य अतिथि सहायक प्राध्यापकों के अनुभव और भविष्य को ध्यान में रखते हुए सेवा-समायोजन या उचित अवसर देने की दिशा में पहल करने की मांग भी की है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद बिहार में सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति का अवसर आया है। इसलिए भर्ती प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिसमें योग्य अभ्यर्थियों, अतिथि शिक्षकों और छात्रों के हितों का संतुलित और न्यायसंगत ध्यान रखा जाए।







