स्टेट डेस्क, रानी कुमारी।
पटना। छठ महापर्व के मद्देनजर पटना नगर निगम ने गंगा घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। नगर आयुक्त यशपाल मीणा की सतत निगरानी में सभी चिह्नित घाटों और उनके पहुंच पथों को निर्धारित समय-सीमा में छठ व्रतियों के अनुकूल तैयार किया जा रहा है।
नगर निगम की ओर से घाटों पर लाइट टावर का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। गंगा के जलस्तर में उतार-चढ़ाव को देखते हुए संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक कार्य कराए जा रहे हैं। महेंद्रू घाट के पहुंच पथ को बालू एवं अन्य आवश्यक सामग्री डालकर जेसीबी की सहायता से तैयार किया जा रहा है।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा के निर्देश पर सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पहुंच पथों को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि व्रती बिना किसी परेशानी के घाटों तक पहुंच सकें।
इस बार छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। नगर निगम ने घाटों की सफाई, रोशनी, बालू भराई और अन्य सुविधाओं के लिए व्यापक तैयारी की है। जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि छठ व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। पटना नगर निगम इस महापर्व को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।







