लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा जनगणना 2027 के तहत चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य में एच एल बी स्तर पर शून्य प्रगति मिलने के बाद दारौंदा प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। चार्ज पदाधिकारी सह बीडीओ ने 87 प्रगणकों को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब तलब किया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि 11 मई को जनगणना कार्यों की समीक्षा के दौरान एच एल बी संख्या 03, 07, 09, 10, 13, 15 समेत कुल 87 एचएलबी में एक भी परिवार, मकान अथवा भवन का सर्वे पर अपलोड नहीं पाया गया। इससे जिला जनगणना पदाधिकारी सह जिलाधिकारी के समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करने में प्रशासन को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। बीडीओ ने इसे भारत सरकार के अति महत्वपूर्ण जनगणना कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता माना है। उन्होंने सभी संबंधित प्रगणकों को निर्देश दिया है कि पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर अपने-अपने एच एल बी क्षेत्र में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें तथा जनगणना वाटसप ग्रुप में रिपोर्ट भेजें। साथ ही कार्य में बरती गई लापरवाही को लेकर लिखित स्पष्टीकरण भी देना होगा।







