लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दरौंदा: दारौंदा अंचल कार्यालय में शनिवार को भूमि विवादों के त्वरित निपटारे के उद्देश्य से जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कुल 11 फरियादी पहुंचे, जिनके मामलों की सुनवाई अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण एवं थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह की मौजूदगी में की गई।
सुनवाई के दौरान प्राप्त 11 मामलों में से 9 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। वहीं, दो मामलों में आवश्यक दस्तावेजों एवं तथ्यों की जांच के लिए संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करते हुए मामलों को लंबित रखा गया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बातें सुनकर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से विवादों के समाधान का प्रयास किया।
अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने बताया कि जनता दरबार का उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित निपटारा कर लोगों को न्याय दिलाना है, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों और लंबी कानूनी प्रक्रियाओं से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय स्तर पर ही विवादों का समाधान संभव हो पाता है।
इस अवसर पर डीईओ ब्रजेश राज सहित संबंधित फरियादी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। जनता दरबार के सफल आयोजन से फरियादियों में संतोष का माहौल देखा गया।







