लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान: दारौंदा जमीन दिखाने और एडवांस पैसा लेने के नाम पर युवक को जाल में फंसाकर अगवा करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है.
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपितों में कुणाल कुमार सिंह एवं प्रतिक कुमार सिंह शामिल हैं. पीड़ित युवक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि जमीन खरीदने के लिए एडवांस राशि रंजीत कुमार के खाता संख्या 786201500819 से रोहन कुमार के खाते में भेजी गई थी. इसके बाद कोपा थाना क्षेत्र के मजलीसपुर मझवलिया निवासी गोलू सिंह ने जमीन दिखाने के बहाने धनवती बुलाया. पीड़ित अपने दोस्त के साथ वहां पहुंचा तो गोलू सिंह ने पहले जमीन दिखाने की बात कही, लेकिन बाद में साफ कह दिया कि वहां कोई जमीन नहीं है और अगले दिन दिखाने की बात करने लगा. जब युवक ने अपने दोस्त का पैसा वापस करने को कहा तो माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया.
आरोप है कि इसी दौरान गोलू सिंह और उसके साथियों ने युवक को जबरन गाड़ी में बैठा लिया और लेकर भागने लगे. पीछे से युवक का दोस्त हल्ला करते हुए गाड़ी का पीछा करने लगा. पीड़ित ने बताया कि गाड़ी में बैठे लोगों ने धमकी दी कि “चुपचाप बैठ जाओ, नहीं तो गोली मार देंगे.” वहीं गोलू सिंह कथित रूप से चिल्लाते हुए बोला कि “इसे मारकर यहीं फेंक दो.”
युवक के रोने-चिल्लाने और पीछा होते देख आरोपितों ने सड़क किनारे उसे धक्का देकर गिरा दिया और फरार हो गए. मामले में गोलू सिंह, अमित सिंह, राना सिंह समेत कई लोगों को नामजद किया गया है. पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.







