विदेश डेस्क, आर्या कुमारी।
लंदन। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने भारत छोड़ने के पीछे कानूनी कार्रवाई से बचने की वजह होने के दावों को गलत बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि साल 2010 में उन्होंने अपनी जान को खतरा होने के कारण भारत छोड़ने का फैसला किया था। मोदी का कहना है कि उस समय उनके खिलाफ कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं थी और देश छोड़ने का निर्णय सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते लिया गया था।
ललित मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने बयान में बताया कि अंडरवर्ल्ड से उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इसी खतरे को देखते हुए उन्होंने भारत छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा में तैनात सशस्त्र पुलिस बल को बिना किसी पूर्व सूचना के हटा लिया गया था। सुरक्षा वापस लिए जाने के महज तीन दिन बाद ही वह भारत से बाहर चले गए थे।
उन्होंने अपने बयान में यह भी साफ किया कि जब उन्होंने 2010 में भारत छोड़ा था, तब उनके खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं थी। इसलिए यह कहना गलत है कि उन्होंने किसी कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए देश छोड़ा था। मोदी ने भारत छोड़ने की परिस्थितियों को लेकर प्रकाशित झूठी और मानहानिकारक खबरों पर भी नाराजगी जताई है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की खबरें प्रकाशित करने वाले संबंधित संस्थानों के खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई करेंगे।
गौरतलब है कि हाल ही में ललित मोदी ने ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने की जानकारी दी थी। ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद उनका यह बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने एक बार फिर भारत छोड़ने की वजह स्पष्ट की है। उन्होंने अपने देश छोड़ने के फैसले को कानूनी कार्रवाई के बजाय अपनी जान की सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया है।
बता दें कि साल 2010 में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के चलते ललित मोदी को निलंबित कर दिया था। आईपीएल के संचालन और वित्तीय मामलों को लेकर उन पर कई गंभीर आरोप लगे थे। इसके बाद वह भारत से बाहर चले गए थे और लंबे समय से ब्रिटेन में रह रहे हैं।
वहीं, साल 2015 में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से जारी समन का जवाब नहीं देने पर ललित मोदी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। इस मामले के बाद उनके भारत लौटने और कानूनी कार्रवाई को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं। हालांकि, अब उन्होंने भारत छोड़ने के फैसले के पीछे अंडरवर्ल्ड से जान का खतरा और सुरक्षा हटाए जाने को मुख्य वजह बताया है।







