एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा।
टेलीविजन अभिनेत्री जेनिफर विंगेट ने सिंगापुर स्थित बिजनेसमैन विलियम इश्माइल के साथ शादी कर ली है। दोनों ने यूनाइटेड किंगडम में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में एक निजी समारोह में ईसाई रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की। अभिनेत्री ने अपनी शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर अपने प्रशंसकों के साथ यह खुशखबरी साझा की।
जेनिफर ने इंस्टाग्राम पर शादी की झलकियां पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, "...and finally our stars aligned!"। शादी की तस्वीरों और वीडियो में दोनों चर्च में वेडिंग वाउज़ लेते, अंगूठियों का आदान-प्रदान करते और परिवार व दोस्तों के साथ इस खास पल का जश्न मनाते नजर आए। इसी पोस्ट के जरिए जेनिफर ने पहली बार अपने पति विलियम इश्माइल के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, शादी का समारोह बेहद निजी रखा गया था, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल हुए। शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के साथ-साथ मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने भी नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं। मौनी रॉय, जेनेलिया डिसूजा, सोनू सूद, रश्मि देसाई, जन्नत जुबैर और दृष्टि धामी समेत कई सितारों ने उन्हें बधाई दी।
शादी से कुछ समय पहले जेनिफर की ब्राइडल गाउन फिटिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसके बाद उनकी शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। हालांकि, उस समय अभिनेत्री ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। अब शादी की तस्वीरें और वीडियो साझा करने के बाद उनकी शादी की आधिकारिक पुष्टि हो गई है।
यह जेनिफर विंगेट की दूसरी शादी है। इससे पहले उनकी शादी अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से हुई थी। दोनों का 2014 में तलाक हो गया था। अब विलियम इश्माइल के साथ शादी कर जेनिफर ने अपने जीवन की नई शुरुआत की है।







