स्टेट डेस्क, श्रेयांश पराशर l
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने मामले में विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए हैं। इसके अलावा ड्यूटी में लापरवाही करने वाले दो होमगार्डों की रिपोर्ट उनके विभागीय कमांडेंट को भेजी गई है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर से जुड़ा है। कांवड़ यात्रा को देखते हुए इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित की गई थी। शिवभक्तों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों को बैरियर लगाकर तैनात किया गया था। इसके बावजूद ड्यूटी के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई।
अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार देर शाम इस राजमार्ग पर कुछ वाहन दौड़ते हुए पाए गए। सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस में तैनात राजबहादुर, राजकुमार और निशांत अपनी निर्धारित ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिले। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि ड्यूटी के दौरान तैनात दो होमगार्डों ने भी लापरवाही बरती। उनकी रिपोर्ट संबंधित विभाग के कमांडेंट को भेज दी गई है, ताकि उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा जैसे संवेदनशील अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और प्रतिबंधित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा है।







