विदेश डेस्क, आर्या कुमारी।
नई दिल्ली। बांग्लादेश की राजधानी ढाका के गरीब इलाकों में घूमकर वीडियो बनाने वाले चीनी नागरिकों का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ये लोग ढाका की गलियों और बस्तियों से लाइव प्रसारण कर अपने देश के दर्शकों को यह दिखा रहे हैं कि वे भारत की राजधानी दिल्ली में मौजूद हैं। इस तरह स्थानीय जीवन की गलत तस्वीर पेश कर चीन में दर्शकों को गुमराह किया जा रहा है। बांग्लादेशी अखबार की पड़ताल में सामने आया है कि 150 से अधिक चीनी नागरिक ढाका के एक गरीब इलाके में जाकर लाइव स्ट्रीमिंग कर रहे हैं और वहां की परिस्थितियों को भारत की रोजमर्रा की जिंदगी बताकर प्रसारित कर रहे हैं।
दो स्मार्टफोन लेकर करते हैं लाइव स्ट्रीमिंग
जांच में पता चला कि ये चीनी नागरिक लाइव प्रसारण के लिए दो स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हैं। एक फोन से वीडियो स्ट्रीम किया जाता है, जबकि दूसरे मोबाइल में प्रसारण के दौरान बोलने के लिए तैयार की गई स्क्रिप्ट रहती है। ये लोग सुबह से देर रात तक लगातार लाइव प्रसारण करते हैं। इसके लिए वे ढाका के उत्तरी हिस्से में स्थित उत्तरा इलाके के सेक्टर-12 और टेकपारा पहुंचते हैं। यहां एक नहर के किनारे घनी आबादी वाली गरीब बस्तियां हैं, जहां टीन की छत वाले छोटे-छोटे मकान बने हुए हैं। चीनी नागरिक इन्हीं घरों और आसपास की गलियों को अपने वीडियो में दिखाते हैं।
इन इलाकों में घूमने और स्थानीय जगहों तक पहुंचने के लिए वे बांग्लादेशी गाइडों की मदद लेते हैं। इसके बदले प्रत्येक गाइड को रोजाना 700 से 800 टका यानी लगभग 525 से 600 रुपये तक दिए जाते हैं। ज्यादातर चीनी नागरिकों ने पत्रकारों से बातचीत करने से इनकार कर दिया। हालांकि, कुछ लोगों ने अपना नाम और राष्ट्रीयता बताई। फैंगयू नाम के एक चीनी नागरिक ने गाइड के समझाने पर बताया कि इस तरह की लाइव स्ट्रीमिंग चीन के ऑनलाइन मंचों पर उत्पाद प्रचार के नाम से की जाती है। इनमें वीचैट और डौयिन जैसे मंच शामिल हैं। डौयिन चीन में इस्तेमाल होने वाला टिकटॉक का संस्करण है।
गलत जानकारी देकर दिखाते हैं दिल्ली की तस्वीर
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब चीनी भाषा समझने वाले चार बांग्लादेशी नागरिकों ने इन स्ट्रीमर्स की बातचीत का गूगल ट्रांसलेशन के जरिए अनुवाद किया। इससे पता चला कि वीडियो में दिखाई जा रही जगहों के बारे में दर्शकों को गलत जानकारी दी जा रही है। एक मामले में मियानमियान नाम की चीनी महिला टीन की झोपड़ियों को दिखाते हुए अपने दर्शकों से कह रही थी कि यह दिल्ली है। उसने वहां के घरों को गंदा बताया और इलाके की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
इसी तरह वांग वेई नाम का एक अन्य वीडियो निर्माता पुल के पास मौजूद चाय की दुकानों को दिखाकर दर्शकों को भ्रामक जानकारी दे रहा था। वह दावा कर रहा था कि वहां के स्थानीय लोग नदी के दूषित पानी से तैयार की गई गाय के पेशाब वाली चाय पीते हैं। इस तरह ढाका के वास्तविक इलाकों को दिल्ली बताकर वहां की सामाजिक और रहन-सहन की स्थिति के बारे में गलत दावे किए जा रहे थे।
भारतीय पुरुषों से शादी का भी करते हैं दावा
जांच के दौरान कुछ चीनी महिला स्ट्रीमर्स ने खुद को ऐसी महिलाएं बताया, जिन्होंने भारतीय पुरुषों से शादी की है और वे उन्हीं इलाकों में रहती हैं। इसके अलावा कुछ वीडियो निर्माताओं को इमारतों की दीवारों पर लगे चीनी एयर कंडीशनर ब्रांडों का प्रचार करते हुए भी देखा गया। इस तरह इन लाइव प्रसारणों में स्थानीय बस्तियों को भारत का हिस्सा बताने के साथ-साथ उत्पादों का प्रचार भी किया जा रहा है।
बिना अनुमति घरों में घुसकर बनाते हैं वीडियो
लगातार हो रही इस तरह की रिकॉर्डिंग से स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों ने निजता के उल्लंघन को लेकर चिंता जताई है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, कई बार ये स्ट्रीमर बिना अनुमति लिए उनके घरों में प्रवेश कर जाते हैं और वीडियो रिकॉर्ड करने लगते हैं। कुछ मामलों में वे बाथरूम तक के अंदर की रिकॉर्डिंग कर लेते हैं। इससे लोगों की निजी जिंदगी प्रभावित हो रही है और उन्हें असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।
निवासियों का कहना है कि जब वे इन लोगों का विरोध करते हैं तो स्ट्रीमर पहले माफी मांगकर वहां से चले जाते हैं, लेकिन कुछ ही समय बाद दोबारा लौट आते हैं और फिर से रिकॉर्डिंग शुरू कर देते हैं। स्थानीय लोगों ने कई महीनों से इस गतिविधि को लेकर शिकायतें की हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की ओर से न तो इन पर प्रभावी निगरानी रखी गई और न ही इस तरह की रिकॉर्डिंग रोकने के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया।
भाषा की बाधा से पुलिस के सामने कार्रवाई की चुनौती
उत्तरा वेस्ट पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद खालिद मंसूर ने बताया कि पुलिस को इलाके में हो रही वीडियो रिकॉर्डिंग की जानकारी है। हालांकि, चीनी नागरिकों के साथ भाषा संबंधी समस्या होने के कारण मामले में आगे की कार्रवाई करने में कठिनाई आ रही है। इस वजह से स्थानीय निवासियों की शिकायतों के बावजूद गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाया है।







