तकनीकी पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक, योजनाओं को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश
लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान। समाहरणालय सभा कक्ष में आज दिनांक 16 मई 2026 को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सभी तकनीकी पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की गई तथा कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के लिए कई आवश्यक निर्देश दिए गए। समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा भवन प्रमंडन और स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमण्डल-01 एवं 02 के कार्यपालक अभियंताओं को कड़ा निर्देश दिया गया कि प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त पंचायत सरकार भवन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाय तथा कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाय। इसके साथ ही स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के अभियंताओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदत्त सामुदायिक भवन-सह-वर्क शेड योजनाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करने को कहा गया।
जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कार्यपालक अभियंता BMSICL को निर्देशित किया गया कि विभिन्न निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों के निर्माण कार्य को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द पूरा किया जाए। जिला पदाधिकारी ने सभी तकनीकी पदाधिकारियों को हिदायत दी कि वे अपने विभागीय उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए हर हाल में कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहाँ भी भूमि संबंधी कोई समस्या उत्पन्न हो रही है, वहाँ संबंधित अंचलाधिकारी से तुरंत समन्वय स्थापित कर कार्य को आगे बढ़ाएं ताकि सरकार की इन जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता को समय पर प्राप्त हो सके।
इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य रूप से जिला योजना पदाधिकारी, विद्युत आपूर्ति प्रमण्डल सीवान एवं महाराजगंज, NPBDCL सीवान एवं महाराजगंज, PHED सीवान, उप महाप्रबंधक BMSICL सारण, कार्यपालक अभियंता BSEIDCL सीवान, ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल-01 एवं 02 सीवान तथा महाराजगंज के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे। इनके अलावा बुडको, पथ प्रमंडल, लघु सिंचाई, सारण नहर प्रमण्डल सीवान, मैरवा व महाराजगंज, जल निस्सरण प्रमण्डल तथा बाढ़ नियंत्रण प्रमण्डल सीवान से जुड़े सभी संबंधित तकनीकी पदाधिकारी भी इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल रहे।







