लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान: दारौंदा प्रखंड कृषि कार्यालय दारौंदा में खरीफ फसल वर्ष 2026 के लिए बीज वितरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। बीज उपलब्ध होने से क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है और वे समय पर खेती की तैयारी में जुट गए हैं।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामबीर सिंह यादव ने बताया कि धान का बीज विभाग को प्राप्त हो गया है। इच्छुक किसान अपनी सुविधा के अनुसार प्रखंड कृषि कार्यालय पहुंचकर बीज प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बीज का वितरण "पहले आओ, पहले पाओ" के आधार पर किया जा रहा है, इसलिए किसान जल्द से जल्द कार्यालय पहुंचकर इसका लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि समय पर बीज उपलब्ध होने से किसानों को खरीफ मौसम की बुआई में सुविधा होगी तथा उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। कृषि विभाग द्वारा किसानों को बेहतर गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है। कृषि पदाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर उन्नत खेती को अपनाएं और समय पर बीज प्राप्त कर खरीफ फसल की तैयारी सुनिश्चित करें।







