सीवान/दारौंदा सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर 18 अप्रैल को प्रखंड मुख्यालय परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय के निर्देश पर आयोजित हो रहा है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सिम्पी कुमारी ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत आने वाले पेंशनधारियों को बैंक खाता सुधार, बकाया भुगतान, जीवित लाभुकों की रुकी पेंशन, नाम में त्रुटि, पेंशन योजना का माइग्रेशन तथा आधार से संबंधित समस्याओं (आधार रिलीज) जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आमतौर पर इन समस्याओं के समाधान के लिए लाभुकों को अलग-अलग आवेदन देने पड़ते हैं, जिससे प्रक्रिया लंबी हो जाती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा एक ही स्थान पर सभी समस्याओं के समाधान के लिए यह विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो मौके पर ही आवेदन लेकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। बीडीओ ने बताया कि जिन पेंशनधारियों ने 31 मार्च तक अपना जीवन प्रमाणीकरण (लाइफ सर्टिफिकेट) नहीं कराया है, उनकी पेंशन फिलहाल रोक दी गई है। ऐसे लाभुक इस शिविर में पहुंचकर अपना जीवन प्रमाणीकरण करा सकते हैं और रुकी हुई पेंशन को दोबारा चालू करा सकते हैं।







