दारौंदा में PM मातृत्व सुरक्षा योजना के तहत 126 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच
लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा। प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना के तहत दरौंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 126 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में पहुंची महिलाओं की सबसे पहले सर्दी, खांसी, बुखार एवं रक्तचाप (बीपी) की जांच की गई। इसके बाद लैब टेक्नीशियन अब्दुल जनान द्वारा रक्त नमूना लेकर एचआईवी, हीमोग्लोबिन, शुगर, रक्त समूह, वजन सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं। जांच के उपरांत मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
प्रभारी चिकित्सक पदाधिकारी डॉ.विकाश कुमार भारद्वाज ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। वहीं डॉ. रजिया सुल्ताना ने गर्मी एवं मौसम परिवर्तन को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पानी एवं अन्य पेय पदार्थों का सेवन करने की बात कही।
लैब टेक्नीशियन अब्दुल जनान ने बताया कि सभी महिलाओं के रक्त नमूने की जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जांच रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध करा दी जाएगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार सिंह, डॉ. जमशेद आलम,डॉ. रजिया सुल्ताना, एएनएम अनीता कुमारी नीतू सिंह, जूली कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।







