लोकल डेस्क, आर्या कुमारी।
सीवान/दरौंदा: दरौंदा महाराजगंज रेलवे ढाला के समीप बुधवार को हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति दरौंदा बाजार से सब्जी खरीदकर साइकिल से अपने घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल व्यक्ति को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दरौंदा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने घायल की हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल व्यक्ति की पहचान सिरसांव नया टोला गांव निवासी बुच्चन लाल पंडित के रूप में की गई है। बताया गया कि वह रोजमर्रा की तरह दरौंदा बाजार से सब्जी लेकर अपने घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बुच्चन लाल पंडित रेलवे ढाला के पास पहुंचे, तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा।







