लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सिवान/दारौंदा । विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने सोमवार को दारौंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और चिकित्सा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक वार्डों में पहुंचे और भर्ती मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकों की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से यह भी पूछा कि उन्हें बाहर से दवा खरीदने की जरूरत तो नहीं पड़ रही है और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा समुचित देखभाल की जा रही है या नहीं।
विधायक ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा 24 घंटे चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विकास कुमार भारद्वाज, स्वास्थ्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व समर्थक मौजूद रहे।







