नेशनल डेस्क, रानी कुमारी।
भारत मंडपम से इंडिया गेट तक गूंजी देशभक्ति कि लहरें
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले बुधवार को राजधानी दिल्ली में NDA सांसदों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एक भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली। रैली भारत मंडपम से शुरू होकर इंडिया गेट होते हुए मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम तक पहुंची। लगभग 7 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में देशभक्ति के नारे और गीत गूंजते रहे।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भारत मंडपम से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में केंद्रीय मंत्री और NDA के सांसद शामिल हुए। इनमें संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी, सामाजिक न्याय मंत्री वीरेंद्र कुमार, पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह , विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे। बांसुरी स्वराज, विनोद तावड़े, मनोज तिवारी, हर्ष मल्होत्रा, तरुण चुघ और कृष्ण पाल गुर्जर भी शामिल हुए।
रैली के दौरान भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ गीत गाकर माहौल को और देशभक्ति से भर दिया। सीआरपीएफ, बीएसफ और असम राइफल्स के 350 से अधिक जवानों के साथ 50 से अधिक बाइकर ग्रुप और महिला बाइकर्स भी शामिल हुए। पूरे रास्ते तिरंगे लहराते रहे और ‘वंदे मातरम्’ के नारे गूंजते रहे।
यह रैली ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान का हिस्सा थी, जो 9 से 17 अगस्त तक देशभर में चल रहा है और वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने को समर्पित है। नेताओं ने कहा कि तिरंगा हमारी अस्मिता और गर्व का प्रतीक है। नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।






