स्टेट डेस्क, मुस्कान कुमारी।
शेखर की 12 दिसंबर को होनी थी शादी, मां और बहन समेत पांच लोगों की गई जान; दो साल का भांजा उज्ज्वल गंभीर हालत में पटना के IGIMS में भर्ती
मोतिहारी। बिहार के लखीसराय जिले में मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में मोतिहारी के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। परिवार स्कॉर्पियो से देवघर जा रहा था। तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुलसागर गांव के पास तेज रफ्तार गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतकों में दूल्हा बनने जा रहे शेखर गुप्ता की मां मीना देवी, बड़ी बहन पल्लवी देवी, बहनोई राकेश कुमार, 10 वर्षीय मौसेरा भाई बादल कुमार और वाहन चालक तारीकुल आजम शामिल हैं। हादसे में शेखर गुप्ता, उनकी छोटी बहन स्वीटी गुप्ता और ममेरा भाई प्रकाश कुमार भी घायल हुए हैं। वहीं, पल्लवी और राकेश का दो साल का बेटा उज्ज्वल गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज पटना के IGIMS में चल रहा है।
12 दिसंबर को बजनी थी शादी की शहनाई
मोतिहारी के ढाका थाना क्षेत्र स्थित गुदरी बाजार में शेखर गुप्ता की शादी की तैयारियां चल रही थीं। 31 वर्षीय शेखर की शादी 12 दिसंबर को होनी थी। परिवार में शादी को लेकर खुशी का माहौल था। इसी बीच परिवार ने दो साल के मासूम उज्ज्वल का मुंडन कराने और देवघर में बाबा भोलेनाथ के दर्शन करने की योजना बनाई थी।
लेकिन मंगलवार सुबह हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी की शहनाई बजने वाली थी, वहां अब पांच लोगों की मौत के बाद चीख-पुकार मची है।
फोन पर बात के दौरान सुनाई दी तेज आवाज
हादसे में जान गंवाने वाली स्वीटी के पति फुसेंद्र साह नेपाल के अग्निशमन विभाग में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि छुट्टी नहीं मिलने के कारण वह परिवार के साथ देवघर नहीं जा सके थे।
उनके मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब चार बजे उनकी पत्नी गोल्डी से फोन पर बात हो रही थी। पत्नी ने बताया था कि गाड़ी में बाकी लोग सो रहे हैं। इसी दौरान अचानक तेज धमाके जैसी आवाज आई और फोन कट गया। दोबारा कॉल करने पर एक पुलिसकर्मी ने फोन उठाया और हादसे की जानकारी दी।
दस साल बाद मन्नत से हुआ था उज्ज्वल का जन्म
इस हादसे में सबसे दर्दनाक पहलू दो साल के उज्ज्वल की स्थिति है। परिजनों के मुताबिक, राकेश कुमार और पल्लवी देवी की शादी के करीब दस साल बाद मन्नतों के बाद उज्ज्वल का जन्म हुआ था। परिवार उसके मुंडन को लेकर काफी उत्साहित था।
हादसे में उज्ज्वल ने अपने माता-पिता दोनों को खो दिया। वह खुद भी गंभीर रूप से घायल है और पटना के IGIMS में उसका इलाज चल रहा है। परिवार के लोग उसकी हालत को लेकर चिंतित हैं।
सऊदी अरब जाने की तैयारी कर रहा था चालक
हादसे में वाहन चालक और मालिक तारीकुल आजम की भी मौत हो गई। 40 वर्षीय तारीकुल पेशे से इंजीनियर था। परिजनों के अनुसार, उसकी नौकरी सऊदी अरब में लगी थी और वह जल्द ही वहां जाने वाला था।
बताया गया कि सोमवार को ही वह पटना से मेडिकल जांच कराकर लौटा था। उसके पिता जफीर आजम ने खुद गाड़ी लेकर जाने की बात कही थी, लेकिन तारीकुल ने मना कर दिया और खुद वाहन चलाने का फैसला किया।
रात एक बजे गांव पहुंचे पांचों शव
मंगलवार रात करीब एक बजे पांचों मृतकों के शव एंबुलेंस से मोतिहारी के गुदरी बाजार स्थित घर पहुंचे। शव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शेखर अपने पिता के निधन के बाद परिवार का सहारा थे। वह दो बहनों के इकलौते भाई हैं। उनकी मां मीना देवी बेटे की शादी में उसका सेहरा सजते देखना चाहती थीं, लेकिन हादसे में उनकी और परिवार के अन्य सदस्यों की जान चली गई।
फिलहाल हादसे में घायल लोगों का इलाज जारी है। दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।







