लोकल डेस्क, अभिलाष गुप्ता।
बीरगंज: गणतंत्र दिवस के अवसर पर बीरगंज महानगरपालिका वार्ड नं. १३, राधेमाई स्थित साउथजोन माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम सम्पन्न किया गया।
विद्यालय वर्ष भर में ३ से ४ बार नियमित रूप से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम आयोजित करता है। इसी कार्यक्रम के तहत आज गणतंत्र दिवस के विशेष अवसर पर नाक, कान, गला तथा पूरे शरीर (फुल बॉडी) का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि आने वाले दिनों में दंत परीक्षण और आँखों की जाँच भी की जाएगी।
तीन दिनों तक चलने वाले इस स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम के पहले दिन कुल ५ चिकित्सकों की सहभागिता रही। इसमें डॉ. उमेश कुमार कुशवाहा, डॉ. प्रमोद कुमार राम, डॉ. मुकुंद जायसवाल, डॉ. सन्नी फारुख अंसारी और डॉ. सुशील कुमार ने विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की।
कार्यक्रम विद्यालय के संचालक एवं प्रिंसिपल सरोज प्रसाद चौधरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विभिन्न अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
परीक्षण के दौरान चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। विद्यालय प्रशासन के अनुसार इस प्रकार के कार्यक्रम से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल अशोक संग्रौला ने बताया कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के कार्यक्रम वर्ष में ३ से ४ बार नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दंत और आँखों की जाँच जैसे कार्यक्रम भी विशेषज्ञ चिकित्सकों के सहयोग से निरंतर जारी रहेंगे।
विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।







