लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा । त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के त्रुटिरहित एवं समयबद्ध परिसीमन की तैयारी तेज हो गई है। इसे लेकर गुरुवार को दारौंदा प्रखंड सभागार में विभिन्न विभागों से प्रतिनियुक्त कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण बीडीओ सिम्पी कुमारी एवं पंचायती राज पदाधिकारी कुमार कार्तिकेय के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से वीडियो एवं तकनीकी जानकारी देकर कर्मियों को मोबाइल एप पर परिसीमन से संबंधित कार्य करने की प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना 2011 के आधार पर तैयार एन्यूमरेशन ब्लॉक के अनुसार संबंधित राजस्व गांवों की चौहद्दी का विवरण मोबाइल एप पर दर्ज किया जाएगा।
परिसीमन कार्य के तहत प्रत्येक क्षेत्र के नौ महत्वपूर्ण दिशा बिंदुओं की भी प्रविष्टि की जाएगी। इनमें उत्तर, दक्षिण, पूरब, पश्चिम, उत्तर-पूर्व, उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम तथा केंद्र बिंदु शामिल हैं। इन सभी बिंदुओं के अक्षांश एवं देशांतर भी एप के माध्यम से दर्ज किए जाएंगे।
कार्य के लिए शिक्षकों, पंचायत कार्यपालक सहायकों, ग्रामीण आवास सहायकों, कृषि समन्वयकों, पंचायत सचिवों समेत अन्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर सूचनाओं का सत्यापन करेंगी। अधिकारियों ने कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में त्रुटिरहित तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण में पंचायत सचिव प्रफुल्ल कुमार कर्ण, धर्मेंद्र मांझी, कुमार विभव, अशोक कुमार यादव, वेद प्रकाश सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।







