नेशनल डेस्क, वेरॉनिका राय |
जालंधर। पंजाब के जालंधर में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और प्रॉपर्टी डीलर लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात गुरुद्वारा साहिब के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
हत्या के बाद अब हत्यारों की CCTV फुटेज सामने आई है, जिसमें आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी मॉडल टाउन की ओर से आए थे और वारदात के बाद मिल्क बार चौक की तरफ भाग निकले।
फेसबुक पोस्ट से हत्या की जिम्मेदारी
इस बीच सोशल मीडिया पर भी हलचल तेज हो गई है। फेसबुक पर ‘बुद्धू लोहारा’ और ‘जस बुट्टर’ नामक आईडी से पोस्ट सामने आई हैं, जिनमें लक्की ओबेरॉय की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। इन पोस्ट्स की पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज
पुलिस ने इलाके के कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आरोपियों की मूवमेंट ट्रेस की गई है और आगे के रूट की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
राजनीतिक हलकों में आक्रोश
AAP नेता की दिनदहाड़े हत्या से राजनीतिक गलियारों में भी भारी नाराजगी है। पार्टी नेताओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पोस्ट, CCTV फुटेज और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।







