स्टेट डेस्क, आकाश अस्थाना ।
-बिहार के 489 चयनित प्रारंभिक विद्यालयों के 5868 छात्र-छात्राओं का हो रहा सर्वेक्षण
पटना, एनसीईआरटी की स्वतंत्र इकाई परख के तत्वावधान में कक्षा 3 में पढ़ने वाले बच्चों की बुनियादी भाषा और संख्या ज्ञान का मिडलाइन उपलब्धि का दो दिवसीय सर्वेक्षण गुरुवार को प्रारंभ हो गया। यह सर्वेक्षण राज्य के सभी 38 जिलों के 489 चयनित प्राथमिक विद्यालयों में 9 और 10 अप्रैल को किया जाएगा, जिसमें कुल 5868 छात्र-छात्राएं शामिल होंगी। इनका आंकलन हिंदी, अंग्रेजी एवं उर्दू माध्यम में होगा।
स्कूलों में ‘लर्निंग चेक
विभाग के अनुसार इस सर्वेक्षण के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय से 12 छात्र-छात्राओं का चयन रैंडम सैंपलिंग के आधार पर किया जा रहा है। इस कार्य के लिए डायट में अध्ययनरत डीएलएड के प्रशिक्षु छात्रों को क्षेत्र अन्वेषक के रूप में नियुक्त किया गया है, जिन्हें 7 और 8 अप्रैल को डायट के मास्टर ट्रेनर व्याख्याताओं द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इससे पूर्व 6 अप्रैल को एससीईआरटी पटना में परख द्वारा नियुक्त मास्टर ट्रेनरों ने व्याख्याताओं को प्रशिक्षित किया गया था।
489 स्कूलों के 5868 छात्र-छात्राएं सर्वे में शामिल
विद्यालयों की सैंपलिंग दो माह पूर्व एनसीईआरटी के मार्गदर्शन में एससीईआरटी, पटना द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं के अंतर्गत की गई थी, जिसके उपरांत डायट के सहयोग से इन विद्यालयों का सत्यापन भी सुनिश्चित किया गया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप परख, एनसीईआरटी द्वारा बेसलाइन सर्वेक्षण किया गया था। इस वर्ष पहली बार यह सर्वेक्षण डिजिटल माध्यम से, विशेष रूप से विकसित मोबाइल एप के जरिए किया जा रहा है, जिसे आइआइटी दिल्ली के सहयोग से तैयार किया गया है। सर्वेक्षण के सफल संचालन हेतु सभी 489 विद्यालयों में जाने वाले क्षेत्र अन्वेषकों को टैबलेट भी उपलब्ध कराए गए हैं।







