नेशनल डेस्क, नीतीश कुमार।
सागर। मध्य प्रदेश के डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में परीक्षा के दौरान एआई के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। छिंदवाड़ा के एक निजी कॉलेज के छात्रों पर ChatGPT से उत्तर लिखकर परीक्षा देने का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय ने संबंधित कॉलेज के सभी परीक्षा परिणामों पर रोक लगा दी है और जांच शुरू कर दी है।
मई में परीक्षा हुई
मई में विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध 17 कॉलेजों में सेकेंड, फोर्थ और सिक्स्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं हुई थीं। केंद्रीय मूल्यांकन के तहत सभी उत्तर पुस्तिकाएं सागर विश्वविद्यालय भेजी गई थीं।
ऐसे खुला पूरा मामला
अर्थशास्त्र की एक कॉपी जांचते समय शिक्षक को उत्तर के अंत में लिखा मिला, "पूरे उत्तर का वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें।" इसे देखकर शिक्षक को शक हुआ और उन्होंने परीक्षा नियंत्रक को इसकी जानकारी दी।
कॉपियों में मिले एक जैसे जवाब
इसके बाद उसी कॉलेज की अन्य कॉपियों की जांच की गई। शुरुआती जांच में पाया गया कि कई छात्रों ने लगभग एक जैसे उत्तर लिखे हैं। आशंका है कि छात्रों ने ChatGPT से जवाब लेकर मोबाइल के जरिए उन्हें कॉपी किया।
जांच में यह भी सामने आया कि मामला सिर्फ एक विषय तक सीमित नहीं है। तीन विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं में भी इसी तरह की समानता मिली है।
कॉलेज के सभी रिजल्ट पर रोक
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए छिंदवाड़ा के सतपुड़ा कॉलेज ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड बायोटेक्नोलॉजी के सभी परीक्षा परिणाम रोक दिए हैं। वहीं, विश्वविद्यालय और अन्य संबद्ध कॉलेजों के परिणाम पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
कॉलेज को नोटिस, दोबारा परीक्षा भी हो सकती है
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी विवेक जायसवाल ने बताया कि कॉलेज प्रबंधन को नोटिस जारी किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोबारा परीक्षा कराने, परीक्षा केंद्र बदलने या अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
इस घटना ने एआई तकनीक के दुरुपयोग और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







