पलाश मुच्छल ने विवादों के बीच किए मंदिर दर्शन, सोशल मीडिया पर लिखा— “जहां सिर झुका, वहां सुकून मिला”
एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा
सिंगर और म्यूजिक कंपोज़र पलाश मुच्छल हाल ही में अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में आ गए हैं। महाराष्ट्र के सांगली में उनके खिलाफ दर्ज एट्रोसिटी एक्ट और आर्थिक विवाद से जुड़े आरोपों के बीच उन्होंने राजस्थान के प्रसिद्ध मंदिरों में दर्शन किए, जिसकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पलाश मुच्छल ने खाटू श्याम मंदिर, सालासर बालाजी मंदिर और जीवन माता मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर कई तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह पूजा-अर्चना करते नजर आए।
इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, “जहां सिर झुका, वहां सुकून मिला।” यह पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और फैंस की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, पोस्ट शेयर करने के बाद पलाश मुच्छल ने कमेंट सेक्शन सीमित या बंद कर दिया था। हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दरअसल, हाल ही में महाराष्ट्र के सांगली में पलाश मुच्छल के खिलाफ एससी/एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत विज्ञान माने द्वारा दर्ज कराई गई है, जिन्हें भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना का बचपन का मित्र बताया जा रहा है।
शिकायत में आर्थिक लेन-देन और कथित जातिसूचक टिप्पणी से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। वहीं, पलाश मुच्छल की कानूनी टीम ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए इसे “पब्लिसिटी स्टंट” और “दबाव बनाने की कोशिश” बताया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और किसी भी आरोप की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।







