लोकल डेस्क, एन के सिंह।
'जनसुनवाई' से अपराधी खौफ में, पीड़ितों को मौके पर मिलेगा न्याय। मंगलवार दोपहर 3:30 बजे हरसिद्धि थाना पहुंचेंगे एसपी स्वर्ण प्रभात।
पूर्वी चंपारण: जिले में खाकी का एक नया और मानवीय चेहरा सामने आ रहा है। आम जनता और पुलिस के बीच की खाई को पाटने और न्याय की प्रक्रिया को गांव-गांव तक पहुँचाने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने एक क्रांतिकारी पहल शुरू की है। अब आम आदमी को अपनी फरियाद लेकर जिला मुख्यालय के चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि "न्याय अब पुलिस की चौखट पर नहीं, बल्कि जनता के द्वार पर" मिल रहा है। जिले भर में शुरू हुए 'जनसुनवाई कार्यक्रम' ने प्रशासनिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है।
मुख्यालय से थानों तक 'जनता दरबार' की गूंज
एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर सोमवार को पूरे जिले में एक साथ जनसुनवाई अभियान चलाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस केंद्र में स्वयं एसपी ने कमान संभाली, तो वहीं अनुमंडल स्तर पर एसडीपीओ और थाना स्तर पर थाना प्रभारियों ने जनता की समस्याओं को सुना। इस विशेष अभियान का उद्देश्य उन वृद्धों, महिलाओं और असहाय लोगों को राहत देना है जो आर्थिक तंगी या दूरी के कारण जिला मुख्यालय नहीं पहुँच पाते थे। सोमवार को आयोजित इस शिविर में भूमि विवाद, आपसी रंजिश और लंबित मामलों के सैकड़ों आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया।
एसपी का 'क्विक रिस्पांस' और कड़े तेवर
जनसुनवाई के दौरान एसपी स्वर्ण प्रभात के तेवर उन पुलिस अधिकारियों के प्रति सख्त दिखे जो मामलों को लंबित रखते हैं। फरियादियों की बात सुनते ही एसपी ने सीधे संबंधित थाना प्रभारियों को फोन लगाकर फटकार लगाई और तत्काल कार्रवाई की समय सीमा तय कर दी। एसपी ने साफ संदेश दिया कि पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता पीड़ित को त्वरित न्याय दिलाना है। अनुमंडल स्तर पर पकड़ीदयाल, सिकरहना, अरेराज, रक्सौल और चकिया में भी डीएसपी और थानाध्यक्षों ने संयुक्त रूप से लोगों की शिकायतों का निपटारा किया।
नया शेड्यूल, सोमवार और शुक्रवार होंगे 'न्याय के दिन'
पुलिस अधीक्षक ने इस मुहिम को व्यवस्थित करने के लिए नया शेड्यूल जारी किया है। अब कार्यालय में होने वाली रोज की मुलाकातों के अलावा प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को अनुमंडल और थाना स्तर पर विशेष जनसुनवाई शिविर लगाए जाएंगे। एसपी ने कहा, "हम पुलिस प्रशासन को जनता के इतने करीब ले जाना चाहते हैं कि उन्हें अपनी छोटी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े। अनुमंडल स्तर पर डीएसपी का कार्यालय हर समय जनता के लिए खुला है।"
बड़ी घोषणा, कल हरसिद्धि थाने में सजेगा एसपी का दरबार
इस अभियान को गति देते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात स्वयं फील्ड में उतर रहे हैं। इसी क्रम में कल यानी मंगलवार को दोपहर 3:30 बजे से हरसिद्धि थाना परिसर में एसपी का भव्य जनता दरबार आयोजित होगा। यह हरसिद्धि और आसपास के ग्रामीणों के लिए एक बड़ा अवसर है, जहाँ वे सीधे जिले के सबसे बड़े पुलिस अधिकारी के सामने अपनी समस्या रख सकेंगे।
अपराधियों में खौफ, जनता में विश्वास
पुलिस की इस सक्रियता ने जहां अपराधियों के मन में खौफ पैदा कर दिया है, वहीं आम जनता में सुरक्षा का भाव जगाया है। "पुलिस आपके द्वार" के इस मंत्र ने जनसुनवाई को न्याय का एक सशक्त और पारदर्शी माध्यम बना दिया है। जानकार मानते हैं कि इस पहल से न केवल मुकदमों का बोझ कम होगा, बल्कि थानों की कार्यप्रणाली में भी पारदर्शिता आएगी।







