लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान: दारौंदा थाना पुलिस ने शुक्रवार की रात गश्ती एवं छापेमारी के दौरान एक युवक को 20 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तार युवक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के देईपुर निवासी साहेब हुसैन (27 वर्ष) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार दरौंदा थाना में पदस्थापित पु०अ०नि० अविनाश कुमार गृहरक्षक ओम प्रकाश यादव एवं शैलेंद्र कुमार के साथ थाना क्षेत्र में गश्ती पर निकले थे. इसी दौरान रात करीब 8:40 बजे बगौरा स्थित बीकेएस चिमनी के समीप पुलिस वाहन को देखकर एक युवक हाथ में झोला लेकर भागने लगा. पुलिस ने शक होने पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान युवक के झोले से पांच-पांच लीटर के चार प्लास्टिक पैक में कुल 20 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई. पुलिस ने मौके पर ही शराब को जब्त कर लिया. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को शनिवार को जेल भेज दिया.







