प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज विकास दौरा, तीन राज्यों को मिलेंगी हजारों करोड़ की परियोजनाएं
नेशनल डेस्क ,श्वेता प्रिया।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (17 जुलाई) को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के एक दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे लगभग ₹25,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य रेल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।
सुबह 11 बजे हरियाणा पहुंचेंगे
प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:00 बजे हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे, जहां वे देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद 11:30 बजे जींद के एकलव्य स्टेडियम में लगभग ₹14,700 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे।
चंडीगढ़ और पंजाब में भी कार्यक्रम
इसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर 1:45 बजे चंडीगढ़ पहुंचेंगे, जहां स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। दौरे के अंतिम चरण में वे पंजाब के जालंधर पहुंचकर रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, नई रेल परियोजनाओं और राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े विकास कार्यों का शुभारंभ करेंगे।
रोजगार और कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
केंद्र सरकार के अनुसार इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी, रोजगार के नए अवसर और आर्थिक विकास को गति मिलेगी। साथ ही लोगों को आधुनिक परिवहन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और सार्वजनिक सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।







