एंटरटेनमेंट डेस्क, मुस्कान कुमारी।
प्राइम वीडियो इंडिया पर बैनिजय एंटरटेनमेंट के दो शो ‘एलायंस’ और ‘राख’ ने टॉप-2 स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। रियलिटी शो एलायंस पहले स्थान पर जबकि क्राइम थ्रिलर राख दूसरे स्थान पर ट्रेंड कर रहा है। दो अलग-अलग शो का एक साथ टॉप पर पहुंचना बैनिजय के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। एलायंस बड़े स्तर का सोशल स्ट्रैटजी रियलिटी शो है, वहीं राख तीव्रता भरा स्क्रिप्टेड क्राइम थ्रिलर।
बैनिजय का क्रिएटिव रिस्क कामयाब
बैनिजय एशिया के फाउंडर और ग्रुप सीईओ दीपक धर ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा, “दो पूरी तरह अलग शो एक साथ अपना ऑडियंस ढूंढ लेना बेहद संतोषजनक है। एलायंस और राख कहानी कहने के दो विपरीत छोर पर हैं, लेकिन दोनों में एक बात कॉमन है- दर्शक हमेशा कुछ नया देखने को तैयार रहते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि बैनिजय कभी पुरानी फॉर्मूला दोहराने में विश्वास नहीं करता। “क्रिएटिव रिस्क लेने और ऑडियंस पर भरोसा करने से मिली यह सफलता हमारे विश्वास को मजबूत करती है।”
एलायंस का धमाकेदार सफर
कुणाल खेमू की मेजबानी वाला एलायंस रणनीति, विश्वास, रिश्तों और गठबंधनों पर आधारित गेम शो है। रोज नई एपिसोड रिलीज होने के साथ शॉकिंग डिलीशन्स, वाइल्डकार्ड एंट्री और बदलते समीकरण दर्शकों को बांधे रख रहे हैं। शो में सोशल गेमप्ले और स्ट्रैटजिक डिसीजन मेकिंग को खास तौर पर महत्व दिया गया है। इससे यह पारंपरिक रियलिटी शोज से अलग खड़ा होता है और दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ है।
राख की जबरदस्त सफलता
एंडेमोल शाइन इंडिया द्वारा निर्मित ‘राख’ ने अपनी ग्रिपिंग क्राइम स्टोरी, सस्पेंस और शानदार अभिनय से सबका ध्यान खींचा है। यह सीरीज भारत के अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में है। शो में अली फज़ल, सोनाली बेंद्रे, आमिर बशीर, आकाश मखीजा समेत मजबूत कलाकारों की फौज है। निर्देशन प्रोसित रॉय ने किया है जबकि क्रिएटर, राइटर और को-डायरेक्टर अनुषा नंदकुमार और संदीप साकेत हैं।
बैनिजय की मजबूत पकड़
पिछले वर्षों में बैनिजय एशिया और एंडेमोल शाइन इंडिया ने कई हिट प्रोजेक्ट दिए हैं। स्क्रिप्टेड कैटेगरी में ‘द नाइट मैनेजर’, ‘आर्या’, ‘ट्रायल बाय फायर’ जैसे शो और नॉन-स्क्रिप्टेड में ‘बिग बॉस’, ‘खतरों के खिलाड़ी’, ‘मास्टरशेफ इंडिया’ शामिल हैं। दोनों शोज की एक साथ टॉप-2 पर सफलता कंपनी की विविधता और दर्शकों की पसंद को समझने की क्षमता को रेखांकित करती है।







