लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा: दारौंदा थाना पुलिस ने फरार अभियुक्तों एवं वारंटियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस ने करसौत गांव से मारपीट के एक मामले में फरार चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व से मारपीट का मामला दर्ज था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि अभियुक्त करसौत गांव में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
इसी क्रम में न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर पुलिस ने मीराचक गांव निवासी वारंटी हंसनाथ यादव को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उनके विरुद्ध न्यायालय से वारंट निर्गत था और वे काफी समय से फरार चल रहे थे। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर उन्हें दबोच लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपितों से आवश्यक पूछताछ एवं कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि फरार अभियुक्तों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।







